एसआर हॉस्पिटल में जीएनएम दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू, चिकित्सा शिक्षा के नए अवसरों का खुला रास्ता

एसआर हॉस्पिटल में जीएनएम दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू, चिकित्सा शिक्षा के नए अवसरों का खुला रास्ता

 

डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी बोले- बीएससी नर्सिंग, डी फार्मा समेत कई नए कोर्स जल्द होंगे उपलब्ध

 

एमडी राकेश चतुर्वेदी ने अभिभावकों को दिया भरोसा, अत्याधुनिक संसाधनों से छात्रों को मिलेगी बेहतर शिक्षा

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीर नगर #नाथनगर। एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज नाथनगर में मंगलवार को जीएनएम दूसरे बैच के सत्र का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिले के जाने-माने समाजसेवी व सूर्या ग्रुप ऑफ कॉलेज के एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने नए बैच के छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने संस्थान में चिकित्सा शिक्षा से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाने की जानकारी देते हुए बीएससी नर्सिंग, डी फार्मा सहित युवाओं के करियर को नई दिशा देने वाले अन्य पाठ्यक्रम जल्द उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

सूर्या संस्थान के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज में जीएनएम का यह दूसरा बैच है। संस्थान में चिकित्सा शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं। आने वाले समय में बीएससी नर्सिंग, डी फार्मा समेत अन्य जरूरी चिकित्सा शिक्षा के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले स्थानीय युवाओं को शिक्षा के लिए दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने आसपास ही बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि जिले में एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज इकलौता ऐसा संस्थान है, जहां पिछले वर्ष से जीएनएम की कक्षाएं संचालित हो रही हैं।

संस्थान के एमडी व पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने अभिभावकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कॉलेज छात्रों को चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अभिभावकों ने अपने पाल्यों के भविष्य को लेकर जो भरोसा संस्थान पर जताया है, उसे कायम रखने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। अनुभवी व विद्वान शिक्षकों के साथ अत्याधुनिक लैब की सुविधा भी विद्यार्थियों को मिल रही है। एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के एक्जीक्युटिव डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि जीएनएम की शिक्षा छात्र-छात्राओं के लिए चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने का बेहतर अवसर है। संस्थान क्षेत्र के युवाओं के लिए आगे भी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े अन्य पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है।

पैरामेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल विनय पटेल ने नए बैच के छात्र-छात्राओं को जीएनएम पाठ्यक्रम, उसकी पढ़ाई और चिकित्सा क्षेत्र में इसके महत्व से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम का संचालन एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवींद्र यादव, जीएनएम शिक्षिका अन्नू वर्मा, कृष्णा मिश्रा, दिग्विजय यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में नए बैच के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।