सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर शानदार प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित
पुरस्कार पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे, विद्यालय प्रबंधन ने बढ़ाया प्रतिभाओं का उत्साह
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी बोले- सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला
जितेंद्र पाठक
संतकबीर नगर खलीलाबाद। सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस अवसर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनमें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का नया उत्साह नजर आया।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, सविता चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए। विद्यालय प्रबंधन से मिले सम्मान को विद्यार्थियों ने अपने लिए प्रेरणादायक बताया।
गौरतलब है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें विद्यालय के हजारों विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। बेहतर प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को उस दौरान भी नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया था।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी प्रतिभा को पहचान देना और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि पुरस्कार वितरण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाना है। सम्मान मिलने से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक शरद त्रिपाठी, नितेश द्विवेदी, आरती चौधरी सहित विद्यालय परिवार के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मानित छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।