बस्ती में 12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होगा मामलों का निस्तारण
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय एवं समस्त तहसील मुख्यालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, धारा-138 (परकाम्य लिखत अधिनियम), बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम वाद, पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण तथा विद्युत एवं जलकर विवादों (चोरी से संबंधित मामलों सहित) का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सर्विस में वेतन एवं सेवानिवृत्त लाभों से जुड़े मामले, राजस्व संबंधी वाद, अन्य सिविल वाद (किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद) और आर्बिट्रेशन (हायर पर्चेज एग्रीमेंट) से उत्पन्न विवादों को भी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में नियत किया जाएगा।
प्राधिकरण ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपने लंबित व प्री-लिटिगेशन मामलों का शांतिपूर्ण निस्तारण कराने के लिए इस राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।