राष्ट्रीय खेल दिवस पर बस्ती में साइकिल रैली और कुश्ती
प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं ने दिखाया दमखम
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती । मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रमों के तहत अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, बस्ती में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी है। 29 से 31 अगस्त तक चलने वाले इस आयोजन के क्रम में रविवार को साइकिल रैली तथा जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रातः 6 बजे आयोजित साइकिल रैली में विभिन्न मंडलों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ उप क्रीड़ाधिकारी शकील अहमद अंसारी ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इसके बाद प्रातः 10 बजे जिला स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी नेता जगदीश शुक्ला ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी शकील अहमद अंसारी ने मुख्य अतिथि का बैज, बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
प्रतियोगिता में कुल 82 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। 57 किलोग्राम वर्ग में अनुज कुमार, 61 किलोग्राम में कृष्ण मोहन, 65 किलोग्राम में मारूफ यादव, 70 किलोग्राम में ऐश्वर्य सिंह, 74 किलोग्राम में अनुराग, 79 किलोग्राम में विपिन तथा 86 किलोग्राम वर्ग में प्रियांशु मिश्रा विजेता बने।
कार्यक्रम में अर्जुन उपाध्याय, संजय मिश्रा, राकेश चौहान, अमर दीप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन कमलेश यादव, अशासकीय मानदेय प्रशिक्षक कुश्ती ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विकास सोनकर, दीप पटेल, अस्मिता गुप्ता एवं अशुतोष कुमार पाण्डेय सहित अन्य प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय के अनुसार 31 अगस्त को प्रातः 9 बजे से जिला स्तरीय बालिका हैंडबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं सायं 4 बजे हर्रैया विधायक अजय सिंह कुश्ती एवं हैंडबाल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करेंगे।