एक्यूप्रेशर चिकित्सा के महागुरु माता प्रसाद खेमका की पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
प्रयागराज। एक्यूप्रेशर चिकित्सा जगत के पुरोधा एवं महागुरु श्रद्धेय श्री माता प्रसाद खेमका की पुण्यतिथि पर अखंड/संकल्प चैरिटेबल ट्रस्ट एवं अखंड एक्यूप्रेशर रिसर्च ट्रेनिंग एंड ट्रीटमेंट इंस्टीट्यूट, प्रयागराज की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया गया।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. अर्चना दुबे से जुड़े लोगों ने कहा कि माता प्रसाद खेमका ने अपने ज्ञान, साधना और समर्पण के माध्यम से एक्यूप्रेशर चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाता रहेगा।
डॉ. अजय किशोर श्रीवास्तव ने उनकी स्मृति को नमन करते हुए कहा कि महागुरु माता प्रसाद खेमका का जीवन समाज को सेवा, सद्भाव, स्वास्थ्य और मानव कल्याण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनके विचार और कार्य आज भी एक्यूप्रेशर चिकित्सा से जुड़े लोगों के लिए मार्गदर्शक हैं।
बताया गया कि माता प्रसाद खेमका का जन्म 18 जुलाई 1943 को हुआ था और 28 अगस्त 2019 को उनका निर्वाण हुआ। उनकी पुण्यतिथि पर संस्था के सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक उनका स्मरण करते हुए उनके बताए सेवा एवं चिकित्सा मार्ग पर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
संस्था की ओर से कहा गया कि महागुरु का ज्ञान, साधना और मानव सेवा का भाव सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके चरणों में शत-शत नमन करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।