ऑपरेशन मजनू में संतकबीरनगर पुलिस का कड़ा एक्शन, 97 से भरवाया माफीनामा
20 वाहन सीज, 407 के चालान; 14 पर बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस की पैनी नजर, बेटियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। छात्राओं, महिलाओं और आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद में ऑपरेशन मजनू के तहत व्यापक चेकिंग एवं कार्रवाई अभियान चलाया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों के आसपास, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी करते हुए मनचलों एवं अनुचित गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों, छात्राओं एवं महिलाओं को असहज करने वाली गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों तथा कम उम्र में वाहन चलाने वाले किशोरों की सघन चेकिंग की। रास्तों में अशोभनीय हरकत, छेड़खानी अथवा किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 97 व्यक्तियों से माफीनामा भरवाया गया, जबकि 20 वाहनों को सीज किया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 407 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा 14 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
कम उम्र में वाहन चलाने वालों को किया जागरूक
पुलिस टीमों ने कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया। अभिभावकों से कहा गया कि बच्चों को समय से पहले वाहन की चाबी देना उनके जीवन को गंभीर जोखिम में डाल सकता है। छोटी सी लापरवाही सड़क हादसे का कारण बन सकती है और इसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ सकता है।
बेटियों की सुरक्षा पूरे समाज की जिम्मेदारी
संतकबीरनगर पुलिस का ऑपरेशन मजनू केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित वातावरण और सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस का उद्देश्य है कि हर बेटी बिना किसी भय के स्कूल-कॉलेज जा सके, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित महसूस करे और अपने सपनों की ओर आगे बढ़ सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियों, छेड़खानी और महिलाओं को असहज करने वाले व्यवहार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देश पर अभियान को लगातार जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी मनचले अथवा संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।