शिक्षक एवं समाजसेवी के निधन पर अनुराग लक्ष्य परिवार ने व्यक्त की शोक संवेदना
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। अनुराग लक्ष्य हिंदी मासिक पत्रिका के प्रबंधक एवं अर्चना हॉस्पिटल के प्रोपराइटर अमरमणि पांडेय के पिता तथा वरिष्ठ शिक्षक एवं समाजसेवी का 93 वर्ष की आयु में बीती रात निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजनों, शुभचिंतकों, शिक्षकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को अयोध्या स्थित सरयू तट पर किया गया, जहां परिजनों एवं शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
उनके निधन पर अनुराग लक्ष्य परिवार एवं नारद चर्चा परिवार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों परिवारों की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा गया कि उनका पूरा जीवन समाज और शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षक के रूप में न केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध भी कराया।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संपादक विनोद उपाध्याय, राकेश तिवारी, सर्वेश श्रीवास्तव, वशिष्ठ पांडेय, लवकुश सिंह एवं राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दिवंगत शिक्षक समाजसेवा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज को बहुत कुछ दिया। उनके पढ़ाए हुए तमाम शिष्य आज विभिन्न उच्च पदों पर कार्य करते हुए समाज और देश की सेवा कर रहे हैं। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को हमेशा याद किया जाता रहेगा।
श्रद्धांजलि में वक्ताओं ने कहा कि किसी शिक्षक की सबसे बड़ी उपलब्धि उसके शिष्यों की सफलता होती है और इस दृष्टि से उनका जीवन अत्यंत सार्थक रहा। उन्होंने शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम न मानकर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का आधार बनाया। यही कारण है कि उनके शिष्य आज भी उन्हें आदर और सम्मान के साथ स्मरण करते हैं।
अनुराग लक्ष्य परिवार एवं नारद चर्चा परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।