कम्पोजिट विद्यालय कोईलपुरा में उत्साह से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व
बस्ती। कम्पोजिट विद्यालय कोईलपुरा, बस्ती-सदर में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास और भाई-बहन के पवित्र प्रेम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई और भाई-बहन के स्नेह एवं सुरक्षा के संकल्प को मजबूत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं इच्छा, अनूपा, रजनी, वैष्णवी, अनुष्का, मानसी, तनु, रागनी, लक्ष्मी और रिया ने छात्रों शरन, विवेक, आदित्य, सचिन, हिमांशु, अनुभव, आर्यन, उत्कर्ष, शनि और अभय को रक्षा सूत्र बांधा। छात्राओं ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें मिठाई खिलाई। छात्रों ने भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक संतोष कुमार जायसवाल ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और पारस्परिक जिम्मेदारी का प्रतीक पर्व है। उन्होंने बच्चों को पर्व की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से भी अवगत कराया तथा बताया कि भारतीय परंपरा में रक्षा सूत्र केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परस्पर सुरक्षा, सम्मान और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक सत्यनारायण मिश्र ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास पर आधारित होता है तथा सभी बच्चों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।
कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका श्रद्धा पाण्डेय, सोनी शेख, प्रशिक्षु अध्यापक राहुल कुमार, शिक्षा मित्र गायत्री गुप्ता, संगीता देवी सहित विद्यालय के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। अंत में सभी ने आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।