लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। इस अवसर पर 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जीआईसी बहुउद्देशीय हाल में मौजूद लोगों ने देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

जनपद बस्ती में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने समाज में महिलाओं की गरिमा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति परिवार की आधारशिला होने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सरकार महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

महेश शुक्ला ने कहा कि योजना के माध्यम से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को प्रदेश में बस यात्रा की निःशुल्क सुविधा मिलेगी। इससे वरिष्ठ महिलाओं को आवागमन में सहूलियत होगी और वे अपने परिजनों से मिलने, धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों की यात्रा तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आसानी से आवागमन कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याण की सुविधाएं पहुंचाना है। महिलाओं के सम्मान और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप साड़ी भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रोली सिंह, सुमन सिंह सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।