मानदेय वृद्धि से रसोइयों में हर्ष, सम्मान समारोह में प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड व चेक वितरित
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) हर्रैया के सभागार में रविवार को रसोइयों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा रसोइयों का मानदेय 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये किए जाने की खुशी में आयोजित इस समारोह में रसोइयों का अभिनंदन किया गया और प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड व चेक वितरित किए गए।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता और विक्रमजोत ब्लॉक प्रमुख केके सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न इस कार्यक्रम में हर्रैया तहसील क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों से आए रसोइयों ने भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान हर ब्लॉक से एक-एक रसोइया को मंच पर पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित शिक्षकों, रसोइयों और अतिथियों ने राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का ऑनलाइन सीधा प्रसारण भी देखा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केके सिंह ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए नियमित और गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार करने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, और उनके परिश्रम का सम्मान करना एक सराहनीय कदम है। कार्यक्रम अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी से रसोइयों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह से अपना योगदान देंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) विजय आनंद और प्रभात श्रीवास्तव ने भी रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए मानदेय वृद्धि को उनके हित में एक बड़ा फैसला बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विवेक कान्त पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर गिरजेश बहादुर सिंह, राकेश प्रकाश श्रीवास्तव, सुनील कुमार, विवेकानंद शुक्ल, ऋषि सिंह, राजेश वर्मा, दिवाकर सिंह और राकेश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व रसोइये मौजूद रहे।