अयोध्या में भारतगैस का ‘लाइट जिप’ सिलेंडर लॉन्च, 50 प्रतिशत तक हल्का होने का दावा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतगैस की ओर से अयोध्या एलपीजी क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘लाइट जिप’ सिलेंडर लॉन्च किया गया। लॉन्चिंग कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारियों ने नए सिलेंडर की खूबियों और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी भारतगैस के अनुसार, नए लाइट जिप सिलेंडर का वजन सामान्य सिलेंडर की तुलना में करीब 50 प्रतिशत तक कम है। इससे इसे उठाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में उपभोक्ताओं को आसानी होगी। सिलेंडर में गैस के स्तर की जानकारी देने की सुविधा भी दी गई है, जिससे उपभोक्ता आसानी से पता लगा सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस शेष है नए सिलेंडर में सुरक्षा के लिहाज से बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही हैलो बीपीसीएल मोबाइल एप के माध्यम से नए उपभोक्ताओं के लिए पंजीकरण और तत्काल नया कनेक्शन लेने की सुविधा उपलब्ध होगी कंपनी की लॉन्चिंग सामग्री के मुताबिक, उपभोक्ताओं को चार घंटे के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी उपलब्ध कराने की सुविधा भी मिलेगी। हल्का उठाने और जल्द डिलीवरी की अवधारणा के साथ पेश किया गया यह सिलेंडर एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सुविधा और तकनीक का नया विकल्प बताया जा रहा है अयोध्या में लाइट जिप सिलेंडर की शुरुआत के साथ उपभोक्ताओं को हल्के वजन, गैस स्तर की जानकारी, बेहतर सुरक्षा और त्वरित डिलीवरी जैसी सुविधाओं वाला नया विकल्प उपलब्ध हो गया है।