मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड ने की चेकिंग, छात्राओं को किया जागरूक
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश के क्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम द्वारा थाना नगर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर भ्रमणशील रहकर संदिग्ध एवं अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की।
इसी क्रम में एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम ने श्रीमती सूर्य कुमारी बालिका इंटर कॉलेज, नगर पहुंचकर छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति अभियान के संबंध में जागरूक किया। छात्राओं को विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों के प्रयोग की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा अपराध की स्थिति में बिना भय के आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
चेकिंग अभियान के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 52 व्यक्तियों से पूछताछ की गई। वहीं, अनुशासनहीनता एवं महिलाओं तथा छात्राओं को परेशान करने वाले चार मनचलों से माफीनामा भरवाया गया और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
एंटी रोमियो स्क्वॉड की टीम में प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता, महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव, महिला आरक्षी रश्मि सिंह तथा महिला कांस्टेबल ममता चौहान शामिल रहीं।
पुलिस की ओर से बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार चेकिंग, जागरूकता एवं आवश्यक कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।