बरावफात पर्व को लेकर सोनहा थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर

बरावफात पर्व को लेकर सोनहा थाने में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने पर जोर

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। आगामी त्योहार बरावफात को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सोनहा परिसर में पीस कमेटी के पदाधिकारियों एवं आयोजकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष महेश सिंह ने की। इस दौरान थाना स्थानीय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

बैठक में थानाध्यक्ष महेश सिंह ने पीस कमेटी के पदाधिकारियों एवं आयोजकों को आगामी बरावफात पर्व के संबंध में शासन एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सभी से आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने की अपील की।

गोष्ठी के दौरान बरावफात पर्व को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों एवं पीस कमेटी के सदस्यों ने पुलिस-प्रशासन को आश्वस्त किया कि त्योहार को परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।

बैठक में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पीस कमेटी के पदाधिकारियों एवं आयोजकों ने बताया कि क्षेत्र में त्योहार को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है और सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए बरावफात का पर्व मनाएंगे।

थानाध्यक्ष महेश सिंह ने कहा कि पुलिस क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी से शासन-प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।