अयोध्या मे नवान्न पारण, रामायण, श्रीमद्भागवत कथा, भक्तमाल कथा और नौ दिवसीय यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम….

 

अयोध्या। धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला के तहत स्वामी आनंद स्वरुप दास महाराज अयोध्या पहुंचे। बड़ी छावनी में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता हो रही है। इस दौरान स्वामी आनंद दास महाराज ने बताया कि अयोध्या में यह कार्यक्रम लगातार पिछले पांच वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन में नवान्न पारण, रामायण, श्रीमद्भागवत कथा, भक्तमाल कथा और नौ दिवसीय यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। इसमें उन्नाव, कानपुर, रायबरेली, गोंडा, बस्ती समेत आसपास के कई क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं के लिए आयोजन स्थल पर निशुल्क रहने और भोजन आदि की व्यवस्था की जाती है।

स्वामी आनंद दास महाराज ने कहा कि इस सेवा के लिए किसी भी श्रद्धालु पर किसी प्रकार का बंधन नहीं है। कोई अपनी इच्छा से सेवा करना चाहता है तो कर सकता है, लेकिन किसी से अनिवार्य रूप से सहयोग नहीं लिया जाता। उन्होंने इसे भगवान की कृपा और संतों के आशीर्वाद से चलने वाली सेवा बताया।

उन्होंने बताया कि कानपुर में उनका श्रद्धा तीर्थ यात्रा केंद्र भी है, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक यात्राओं का आयोजन कराया जाता है। आगामी यात्राओं में 6 सितंबर से द्वारिका यात्रा, 21 सितंबर से बद्रीनाथ-केदारनाथ सहित उत्तराखंड यात्रा और 5 दिसंबर से रामेश्वरम यात्रा प्रस्तावित है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक यात्राओं की अपनी व्यवस्थाएं और शुल्क हैं, जबकि अयोध्या में चल रहे इस आयोजन में श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सेवा की व्यवस्था है।
वहीं, स्वामी आनंद दास महाराज के साथ सेवा में जुटीं उनकी धर्मपत्नी सुमन लता ने कहा कि भगवान और गुरु के दरबार में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य से उन्हें बेहद आनंद और संतोष की अनुभूति हो रही है। बड़ी छावनी में चल रहे इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं के बीच भक्ति और सेवा का वातावरण बना हुआ है।