सड़क हादसे में उपनिरीक्षक की मौत, कांस्टेबल गंभीर

-आत्महत्या के मामले की जांच के बाद निकले थे गश्त पर
अयोध्या। जनपद के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर मौलवी चक्की के पास ओवर ब्रिज के निकट बीती रात हुई सड़क दुर्घटना में उपनिरीक्षक आकाश यादव (28) की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले उपनिरीक्षक आकाश यादव पुराकलंदर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव में 20 वर्षीय युवती अंकिता चौरसिया की मौत के मामले की जांच के लिए पहुंचे थे। मंगलवार को रामसेवक चौरसिया की पुत्री अंकिता का शव शाम करीब पांच बजे घर की छत के हुक से दुपट्टे के सहारे संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला था। घटना के समय परिजन खेत गए हुए थे और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों को शक होने पर उन्होंने बाहर से सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया और युवती का शव छत के हुक से लटका देखा। सूचना पर पुलिस बल के साथ उपनिरीक्षक आकाश यादव घटनास्थल पर पहुंचे, इसके बाद सूचना पर फोरेंसिक जांच टीम भी पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नीचे उतरा गया। रात में ही पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।  उक्त घटना के बाद रात में उपनिरीक्षक अपने हमराही कांस्टेबल के साथ क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान दौलतपुर मौलवी की चक्की के पास ओवर ब्रिज के निकट उनकी कार एक ट्रेलर से टकरा कर हादसे का शिकार हो गई। उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत की जानकारी मिलने पर अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। मृतक उपनिरीक्षक आकाश यादव मूल रूप से मिर्जापुर जनपद के रहने वाले थे और अयोध्या में तैनात थे। हादसे में घायल कांस्टेबल प्रदीप कुमार का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि देने के बाद उपनिरीक्षक आकाश यादव के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक जनपद मिर्जापुर भेज दिया गया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच भी की जा रही है।