यूनिक ग्लोबल एकेडमी में साइबर सुरक्षा को लेकर शिक्षक एवं बच्चों को किया जागरूक
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना साइबर क्राइम बस्ती पुलिस द्वारा बुधवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यूनिक ग्लोबल एकेडमी भगवतीपुरम, रामजानकी रोड, थाना कलवारी में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा के कुशल नेतृत्व में उपनिरीक्षक जावेद, आरक्षी जितेंद्र यादव एवं आरक्षी दुर्गेश कुमार गौड़ ने विद्यालय पहुंचकर साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी साझा की। पुलिस टीम ने बच्चों एवं शिक्षकों को समझाया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड/क्रेडिट कार्ड की जानकारी, CVV, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक करने, किसी के कहने पर अज्ञात QR कोड स्कैन करने तथा अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल या कंप्यूटर की स्क्रीन शेयर करने से बचने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान साइबर ठगी होने की स्थिति में 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराध होने के बाद शुरुआती समय, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, बेहद महत्वपूर्ण होता है। ठगी की सूचना तत्काल 1930 पर दर्ज कराने के साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने बताया कि थाना स्थानीय पर 24×7 साइबर हेल्प डेस्क भी स्थापित है, जहां साइबर अपराध से संबंधित शिकायत एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है। आपात स्थिति में थाना कलवारी का CUG मोबाइल नंबर 7839876672 भी उपलब्ध कराया गया।
थाना साइबर क्राइम पुलिस ने शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं आमजन से अपील की कि डिजिटल लेनदेन करते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें। जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से अवगत कराकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति सजग करना है।