23 अगस्त को संतकबीरनगर में आजाद समाज पार्टी की बड़ी समीक्षा बैठक, पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मकसूद अहमद करेंगे शिरकत
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की तैयारी, आदर्श होटल में जुटेंगे जिलेभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता
पिछले एक महीने के कार्यों का होगा लेखा-जोखा, विधानसभा से लेकर बूथ कमेटियों तक की भूमिका पर होगी चर्चा
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए जिलेवार समीक्षा बैठकों का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में 23 अगस्त को संतकबीरनगर में जिलेवार समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी में शामिल पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. मकसूद अहमद प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
पार्टी के जिला अध्यक्ष राम अनुज फौजी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर अगस्त माह से विभिन्न जनपदों में संगठनात्मक समीक्षा बैठकों का सिलसिला शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत संतकबीरनगर में 23 अगस्त को खलीलाबाद बाईपास चौराहे स्थित आदर्श होटल में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की वर्तमान स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है। बैठक में जिले के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
जिला अध्यक्ष राम अनुज फौजी ने सभी विधानसभा अध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, सेक्टर अध्यक्षों तथा बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों से निर्धारित समय पर बैठक स्थल पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है और ऐसे आयोजनों से पार्टी को नई ऊर्जा मिलती है।
बैठक में पिछले एक महीने के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में किए गए संगठनात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों का पूरा विवरण साथ लेकर आने को कहा गया है। सदस्यता अभियान, बूथ स्तर की गतिविधियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और संगठन के विस्तार से जुड़े सभी बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। साथ ही, पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के लिए नई रणनीति पर भी मंथन करेगा।
जिला अध्यक्ष राम अनुज फौजी ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बैठक में उपस्थित होकर संगठन को नई दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।