सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याओं का हुआ समाधान, प्रभारी निरीक्षक ने दिए आवश्यक निर्देश
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के आदेश के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री श्यामकांत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह के कुशल निर्देशन में रविवार, 16 अगस्त 2026 को थाना पैकोलिया परिसर में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक थाना पैकोलिया श्री मोती चंद ने की।
सैनिक सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य थाने में तैनात उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों, आरक्षियों एवं होमगार्ड्स की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को सुनना तथा उनका समाधान कर पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को बेहतर बनाना रहा।
सम्मेलन के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों से एक-एक कर वार्ता करते हुए उनके आवास, मेस, स्वास्थ्य एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया तथा शेष समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक श्री मोती चंद ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित एवं फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा वर्दी और टर्नआउट को सदैव दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति अभियान और एंटी रोमियो स्क्वाड की टीमों को गांवों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर लगातार सक्रिय रहने तथा महिलाओं को सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं मानसिक फिटनेस पर भी विशेष जोर दिया। थाना परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने के लिए सफाईकर्मी की व्यवस्था करने तथा सप्ताह में एक दिन योग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आवश्यक व्यवस्था एवं कोर्ट तैयार कराने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और तनावमुक्त पुलिसकर्मी ही अपनी ड्यूटी को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकते हैं।
सम्मेलन के अंत में प्रभारी निरीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने, जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर थाना पैकोलिया में नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।