जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। बस्ती स्थित जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में 15 अगस्त के पावन अवसर पर 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री संतोष सिंह द्वारा किया गया। इसके उपरांत ध्वजारोहण किया गया और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में विद्यालय के प्रबंधक श्री संतोष सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग छोड़कर पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी भाषा, व्यवहार और आचरण में संयम बनाए रखने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों द्वारा लगभग 26 रंगारंग प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। इसके बाद एल.के.जी., यू.के.जी. तथा कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की झलक देखने को मिली।
‘राजश्री’ ने देशभक्ति पर आधारित सोलो प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। वहीं प्रणव, अनंत श्रीवास्तव, यशिका सहित अन्य विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की भी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का संचालन साकेत, नीरज और पूजा श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। समारोह को सफल बनाने में राकेश, राजेश, सावित्री, सना, पवन, गिरीश, शिवानी, प्रतीक्षा, रेशमा, दिवाकर और मरियम सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पूरा समारोह देशभक्ति, अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत रहा। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।