स्वतंत्रता दिवस पर सम्राट अशोक एवं चंद्रगुप्त मौर्य संस्थानों में हुआ भव्य ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर सम्राट अशोक एवं चंद्रगुप्त मौर्य संस्थानों में हुआ भव्य ध्वजारोहण

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बनकटी / बस्ती। 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सम्राट अशोक प्रभावंश बालिका इंटर कॉलेज, बनकटी, बस्ती एवं चंद्रगुप्त मौर्य प्रभावंश महिला महाविद्यालय, मथौली, बनकटी के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महादेवा विधानसभा के पूर्व विधायक रवि सोनकर उपस्थित रहे। वहीं नगर पंचायत बनकटी के अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर अरविंद पाल, महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, महाविद्यालय डायरेक्टर डॉ. नीलम मौर्य एवं प्राचार्य डॉ. अनीता मौर्या ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। छात्राओं एवं शिक्षकों ने देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि रवि सोनकर ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने तथा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय प्रबंधक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। समारोह का समापन राष्ट्रहित और समाजहित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।