डॉन वास्को स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वीर सपूतों को किया नमन
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। आवास विकास कॉलोनी स्थित डॉन वास्को स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक राजेश मिश्रा एवं प्रधानाचार्य निधि मिश्रा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत नजर आया। विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक राजेश मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि उन महान वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और सुरक्षित वातावरण में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान है।
प्रधानाचार्य सुधि मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी की वर्षगांठ पर हमें देश के अमर वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल रहे। सभी ने पूर्ण निष्ठा एवं कृतज्ञता के साथ उन वीरों को याद किया, जिन्होंने देश के सुरक्षित भविष्य के लिए अपना आज बलिदान कर दिया।
विद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की उन्नति, एकता एवं अखंडता के लिए सदैव अपना योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।