श्रावण मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा, अमहट घाट पर सुरक्षा और सुविधाएं होंगी चाक चौबंद 

श्रावण मेला व कांवड़ यात्रा की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा, अमहट घाट पर सुरक्षा और सुविधाएं होंगी चाक चौबंद

 

बस्ती। आगामी पवित्र श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में पवित्र कुआनो नदी के तट स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का व्यापक जायजा लिया।

निरीक्षण दल में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, उपजिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक तथा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित पुलिस, राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नदी तट की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, जालियां एवं बांस-बल्ली लगाने तथा खतरे के संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट से नदी के जलस्तर, धारा के प्रवाह एवं गहराई का भी निरीक्षण किया।

रात्रिकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए अमहट घाट, प्रमुख संपर्क मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं स्नान घाटों पर हाईमास्ट और एलईडी फ्लड लाइटें लगाने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त कूड़ेदान उपलब्ध कराने, नियमित सैनिटाइजेशन एवं कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने के भी निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, वाटर बूथ, हैंडपंपों की सुचारु व्यवस्था, 24 घंटे संचालित मेडिकल बूथ, एम्बुलेंस तथा महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल एवं अस्थायी शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक को कांवड़ मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान प्रभावी ढंग से लागू करने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पीएसी, जल पुलिस एवं स्थानीय गोताखोरों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मेला एवं कांवड़ यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी, पीएसी के जवान तथा स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।