जनपद के 33 मंडलों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कार्यशालाएं संपन्न
आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ एवं तिरंगा यात्रा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी 33 मंडलों में मंडल स्तरीय कार्यशालाएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।
कार्यशालाओं में बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घर तक राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाने, व्यापक जनसंपर्क करने तथा नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बताया गया कि 10 अगस्त से 12 अगस्त तक सभी मंडलों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। लगभग एक से दो किलोमीटर लंबी यह यात्रा शहीद स्मारकों से प्रारंभ होकर नगर एवं गांवों के प्रमुख मार्गों और स्थलों से होकर निकलेगी। यात्रा के दौरान देश के वीर शहीदों, सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, उनके सर्वोच्च बलिदान तथा भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता और स्वदेशी रक्षा उपकरणों के सम्मान में संदेशयुक्त प्लेकार्ड भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
इसी क्रम में जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय जी महसी विधानसभा के रायपुर मंडल की कार्यशाला में उपस्थित हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का जनआंदोलन है। हम सभी का दायित्व है कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर इसे ऐतिहासिक सफलता दिलाएं।”
कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, तिरंगा यात्रा की तैयारियों तथा अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में जिला से गए पदाधिकारी /मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष,शक्ति केंद्र संयोजक व अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे