मेधावियों पर बरसी इनामों की बारिश, डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने रचा सम्मान का नया इतिहास
बलिराम यादव, अखंड संग हजारों छात्रों को मिली निशुल्क ड्रेस, खुशी से झूम उठा परिसर
स्वतंत्रता दिवस पर नई यूनिफॉर्म में दिखेगा देशभक्ति का जोश, छात्रों से विशेष अपील
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर/बस्ती।पूर्वांचल में शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी द्वारा संतकबीरनगर जिले के मीरगंज स्थित सूर्या इंटर कॉलेज एवं बस्ती जनपद के मुंडेरवा स्थित पूर्वांचल इंटर कॉलेज में भव्य निशुल्क ड्रेस वितरण एवं मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हजारों छात्र-छात्राओं को निशुल्क यूनिफॉर्म वितरित की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव तथा अपने पुत्र अखंड के साथ मिलकर विद्यालय के टॉपरों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल, घड़ी एवं नकद धनराशि देकर सम्मानित किया। मेधावियों के सम्मान से पूरे कार्यक्रम में उत्साह और प्रेरणा का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
पूर्वांचल इंटर कॉलेज मुंडेरवा के प्रधानाचार्य दीनानाथ उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय स्थापना के समय से ही हर वर्ष हजारों छात्र-छात्राओं को निशुल्क ड्रेस वितरण की परंपरा निरंतर जारी है, जो समाज सेवा की एक मिसाल बन चुकी है।
छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा, खेल एवं अन्य गतिविधियों में सदैव उनके साथ खड़ा रहता है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रेरित करता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और खेल सहित हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई ड्रेस में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाएं।