फुटहिया चौराहे पर ‘कलश वंदन यात्रा’ का हुआ भव्य स्वागत, दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ निकली यात्रा
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव का प्रेरणादायी संदेश लेकर निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इसी क्रम में, महान संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी (काशी) से प्राप्त पावन माटी युक्त ‘कलश वंदन यात्रा’ ( 29 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित हो रही है) के जनपद बस्ती पहुँचने पर भव्य स्वागत किया गया। फुटहिया चौराहा आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री विवेकानंद मिश्र जी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया और इस पावन आयोजन में सहभागिता निभाई।
जिला मीडिया प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कलश यात्रा बस्ती जिले के विभिन्न संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों और सांगठनिक स्तर पर प्रत्येक बूथ व संत रविदास मंदिरों से होते हुए पूरे जिले में भ्रमण करेगी और समाज में समरसता व एकता का संदेश फैलाएगी।
कलश यात्रा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान अंकुर वर्मा, दिलीप पांडे, ब्रह्मदेव यादव, अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, गौरव जायसवाल, सचिन सिंह सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।