कांवड़ यात्रा को लेकर बस यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं के लिए दिए गए आवश्यक निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर बस यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं के लिए दिए गए आवश्यक निर्देश

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । आगामी कांवड़ यात्रा एवं मेले को सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को सायं 4:00 बजे बस्ती मंडल के समस्त बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, वाहनों की फिटनेस, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा एवं मेले में संचालित होने वाली सभी बसों के आवश्यक प्रपत्र अद्यतन एवं पूर्ण होने चाहिए। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वाहनों की फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही बसों की आवश्यक मरम्मत, पेंटिंग, सीटों एवं खिड़कियों के शीशों को भी दुरुस्त कराने को कहा गया। यात्रियों को ले जाने वाले सभी वाहनों में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

चालक एवं परिचालकों को यात्रियों के साथ नम्र एवं मधुर व्यवहार करने तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता से बचने के निर्देश दिए गए। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें सीट उपलब्ध कराने में प्राथमिकता देने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए चालकों को पर्याप्त विश्राम उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी बस के ऊपर लगेज अथवा कैरियर नहीं लगाया जाएगा। हाल के दिनों में बसों में आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गैस सिलेंडर, केरोसीन, स्टोव, पेट्रोमैक्स सहित किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन बसों में न करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, वाहन चालक एवं परिचालकों को ड्यूटी के दौरान पान मसाला, गुटखा, शराब तथा अन्य किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से पूर्णतः दूर रहने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोपरि है तथा सभी बस संचालकों एवं कर्मचारियों से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।