जनपदीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में किसान इंटर कॉलेज भानपुर बना ओवरऑल चैंपियन, विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर किया गया सम्मानित

जनपदीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में किसान इंटर कॉलेज भानपुर बना ओवरऑल चैंपियन, विजेता खिलाड़ियों को मेडल देकर किया गया सम्मानित

 

लवकुश सिंह

जिला संवाददाता, बस्ती (उ.प्र.)

 

बस्ती। किसान इंटर कॉलेज भानपुर में मंगलवार को जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधक रोशनी पाण्डेय एवं प्रधानाचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करते हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के कुल 8 बालक एवं 4 बालिकाओं ने सहभागिता करते हुए जिम्नास्टिक की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने संतुलन, लचीलेपन एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

 

प्रतियोगिता में किसान इंटर कॉलेज भानपुर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि जनता इंटर कॉलेज, पोखरा बाजार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में छोटू ने प्रथम, अभिनव वरुण ने द्वितीय तथा सूफियान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में काजल ने प्रथम, ब्यूटी ने द्वितीय तथा सरगम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का गौरव बढ़ाया।

 

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रतियोगिता का संचालन आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षक रमेश चंद्र गुप्ता ने किया, जबकि संपूर्ण आयोजन जनता इंटर कॉलेज पोखरा बाजार के शारीरिक शिक्षक प्रभाकर ओझा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

 

इस अवसर पर गणेश कुमार पाण्डेय, रजनीश कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिंह, हीरालाल, संजय पाण्डेय, अवधेश सिंह, राम सनेही प्रजापति सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।