श्रद्धा व गौरव के साथ मनाया गया कारगिल विजय दिवस
-10/65 यूपी एनसीसी कंपनी ने आयोजित किया ‘गौरव स्मरण’ कार्यक्रम
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा परिसर में कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में 27वें कारगिल विजय दिवस को श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया गया। 10/65 यूपी एनसीसी कंपनी द्वारा आयोजित ‘गौरव स्मरण’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना जागृत करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन 10/65 कंपनी कमांडर कैप्टन प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने किया। कैडेट्स को संबोधित करते हुए बताया कि 1999 में कारगिल की दुर्गम चोटियों पर भारतीय जवानों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए दुश्मन को पराजित किया था। शहीदों के बलिदान ने यह सिद्ध किया कि राष्ट्र की रक्षा के लिए भारतीय सेना किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटती। हम सभी का कर्तव्य है कि हम उनके आदर्शों पर चलें और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से इस बात पर बल दिया कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम ही किसी राष्ट्र की असली शक्ति है। शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, डॉ. अनुराग तिवारी, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. रवीन्द्र भारद्वाज, शांभवी शुक्ला, प्रवीण मिश्रा एवं अंडर ऑफिसर दिव्यांशी पाठक सहित विश्वविद्यालय के समस्त एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक, एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के साथ हुआ।