भारतीय मजदूर संघ की मासिक बैठक हुआ आयोजित ,
विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से की गई चर्चा
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती । भारतीय मजदूर संघ, शाखा बस्ती की मासिक बैठक कल शाम उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने, परिवहन एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से परिवहन विभाग की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए विभाग प्रमुख अशोक सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ कर्मचारियों की प्रत्येक समस्या को मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई कर रोडवेज निगम को हो रहे आर्थिक नुकसान को रोकना समय की मांग है।
संरक्षक उमेश चन्द्र मिश्र ने कहा कि सरकारी परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन को अवैध वाहनों के संचालन पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि संगठन का विस्तार और सदस्यता अभियान भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता है। कर्मचारी हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर संगठन निरंतर संघर्ष करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेगा।
जिला मंत्री राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) का पीवीआई समय पर एवं पूर्ण रूप से दिया जाए तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के कर्मचारियों को भ्रमण के लिए पीओएल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि रोडवेज को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध डग्गामार वाहनों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। कर्मचारी हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ज्ञानती सिंह, सचिन गौरव श्रीवास्तव, अनीता चौधरी, निरंकुश शुक्ला, राघवेंद्र सिंह, रविन्द्र चौधरी, अजय तिवारी, रुद्र नारायण राय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।