अंडर एट क्रिकेटर्स ने दिखाया दम, रोमांचक मुकाबला टाई पर समाप्त

अंडर एट क्रिकेटर्स ने दिखाया दम, रोमांचक मुकाबला टाई पर समाप्त

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती: शहर स्थित सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी, और विजय यादव क्रिकेट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान द्वारा संचालित) के तत्वावधान में रविवार को अंडर-आठ खिलाड़ियों के बीच 25-25 ओवर का एक दिवसीय क्रिकेट मैच खेला गया। सफेद गेंद और कलर्ड ड्रेस में आयोजित इस मुकाबले में नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। मैच सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी सब जूनियर्स-ए और सब जूनियर्स-बी के बीच खेला गया, जो रोमांचक टाई पर समाप्त हुआ।

मुकाबले का शुभारंभ सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी के हेड आफ मैनेजमेंट राहुल उपाध्याय ने टास करा कर किया। टास जीतकर सब जूनियर्स-बी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सब जूनियर्स-ए ने 25 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन बनाए। टीम की ओर से कृष्णा चौधरी ने 22, ऋषभ ने 18 और अभिनंदन चौधरी ने 11 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में अविरल प्रताप और युवराज चौधरी ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सब जूनियर्स-बी ने 22.5 ओवर में 9 विकेट खोकर 121 रन बना लिए। आदित्य राज ने सर्वाधिक 35 और वैभव ने 18 रन बनाए। सब जूनियर्स-ए की ओर से कृष्णा चौधरी ने तीन और प्रखर पांडेय ने दो विकेट झटके। दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने से मुकाबला टाई घोषित किया गया।

एकेडमी के अनुसार जिले में पहली बार अंडर-08 स्तर पर सफेद गेंद और कलर्ड ड्रेस में वनडे प्रारूप का मुकाबला आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य नन्हे खिलाड़ियों को एक दिवसीय क्रिकेट का अनुभव प्रदान करना और जमीनी स्तर पर क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारना है।

यह मुकाबला बीसीसीआइ और क्रिकेट आस्ट्रेलिया प्रमाणित कोच अनिकेत उपाध्याय की देखरेख में संपन्न हुआ। मैच में महादेव और साकिब हुसैन ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई। अनिकेत ने बताया कि सेंट जेवियर्स क्रिकेट एकेडमी का संचालन भूतपूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विजय यादव की विजय यादव क्रिकेट एकेडमी द्वारा किया जा रहा है, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।