सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कोलाज प्रतियोगिता: ग्रीन हाउस अव्वल
महिला सुरक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर छात्रों की सशक्त प्रस्तुति
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, सविता चतुर्वेदी, रविनेश श्रीवास्तव ने की सराहना
जितेन्द्र पाठक।
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में कक्षा 9वीं से 11वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य कोलाज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए समाज के ज्वलंत और संवेदनशील मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा और पेपर लीक जैसे गंभीर विषयों को अपने कोलाज के माध्यम से सशक्त रूप में उकेरा। उनकी प्रस्तुति ने न केवल कला की झलक दिखाई, बल्कि समाज में जागरूकता का मजबूत संदेश भी दिया।
विद्यालय के चारों हाउसों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। ग्रीन हाउस ने इंचार्ज अष्टभुजा त्रिपाठी के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। येलो हाउस, इंचार्ज अशोक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं ब्लू हाउस (इंचार्ज स्मृता त्रिपाठी) और रेड हाउस (इंचार्ज प्रीति राय) के विद्यार्थियों ने भी अपनी रचनात्मकता से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने सभी हाउसों के कोलाज का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से विषयों पर चर्चा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रतिभागी हाउसों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रचनात्मक और जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। अंत में निदेशिका सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।