महुली पुलिस और सोशल मीडिया सेल की तत्परता से भटका बालक सकुशल परिजनों से मिला

महुली पुलिस और सोशल मीडिया सेल की तत्परता से भटका बालक सकुशल परिजनों से मिला

 

त्वरित समन्वय से मिली बड़ी सफलता, परिजनों ने जताया भावुक आभार

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। महुली पुलिस एवं सोशल मीडिया सेल के संयुक्त प्रयास से एक भटका हुआ बालक सकुशल उसके परिजनों से मिल गया। इस सराहनीय कार्यवाही से पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण एक बार फिर सामने आया है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के कुशल पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय एवं उनकी टीम ने सोशल मीडिया सेल संतकबीरनगर के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इस कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

घटना 25 जुलाई 2026 की है, जब एक बालक भटकते हुए थाना महुली पहुंच गया। पुलिस टीम ने उसे तत्काल सुरक्षित संरक्षण में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह अपने परिजनों का मोबाइल नंबर या पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सका। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए सोशल मीडिया सेल को सूचना दी।

सोशल मीडिया सेल ने सक्रियता दिखाते हुए बालक की जानकारी विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की और जनपद बस्ती की सोशल मीडिया सेल से समन्वय स्थापित किया। दोनों जनपदों के बीच प्रभावी तालमेल और त्वरित कार्रवाई के चलते बालक के परिजनों का पता लगाया गया और उनसे संपर्क स्थापित किया गया।

सूचना मिलते ही परिजन थाना महुली पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और विधिक औपचारिकताओं के बाद बालक अभिनंदन को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया गया। अपने पुत्र को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे और महुली पुलिस व सोशल मीडिया सेल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

परिजनों ने पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और समन्वित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से उनका परिवार फिर से खुशियों से भर गया।

संतकबीरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बालक या व्यक्ति भटका हुआ अथवा असहाय अवस्था में मिले, तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना या हेल्पलाइन को सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी परिवार को उसके अपनों से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।