बूथ अध्यक्ष पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता-नरेन्द्र मणि त्रिपाठी
भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में संगठन की मजबूती पर जोर
संगठन की मजबूती भाजपा की सबसे बड़ी पहचान-संजय प्रताप जायसवाल
बस्ती। रूधौली विधानसभा क्षेत्र के मनिकचंद स्थित एक मैरिज हाल में भारतीय जनता पार्टी का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल के संयोजन में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी रहे। कार्यक्रम में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने, आगामी चुनावी रणनीति तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, मंडल पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि नरेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कहा, ‘जब बूथ मजबूत होगा तभी संगठन मजबूत होगा और संगठन मजबूत होगा तो विकास की गति भी निरंतर बनी रहेगी। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता है। उसे सरकार की उपलब्धियों और जनहित की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा, हर कार्यकर्ता अपने बूथ पर सक्रिय रहकर जनता से निरंतर संवाद बनाए रखे। संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है और इसी ताकत के बल पर पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं और जनता की समस्याओं को भी संगठन के माध्यम से शासन तक पहुंचाने का कार्य करें।
ब्लाक प्रमुख यशकान्त सिंह और ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रत्युष विक्रम सिंह ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं प्रभारी संगीता प्रताप जायसवाल ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं पूर्व महिला आयोग सदस्य सुमन सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा और समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियां प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।
सम्मेलन में जिला मंत्री नीलम गौड़, प्रदेश प्रतिनिधि दुर्गेश विक्रम सिंह, क्षेत्रीय परिषद सदस्य विनय त्रिपाठी, जिला मंत्री सुनील चौधरी, जिला उपाध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, ब्रजेश यादव (देवा), मंडल प्रभारी विनय शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर निषाद, जिला मंत्री प्रमोद मिश्र, मंडल अध्यक्ष सूर्याकर विक्रम सिंह (दुबौलिया), सुरेश भट्ट (पकड़िया), जयनाथ पाण्डेय (सल्टौआ), सुनील सोनी (हथेली), गिरधारी यादव (बभनान), जयप्रकाश गौड़ (रमवापुर), जिला कार्यसमिति सदस्य शिल्पा चौधरी, जिला मंत्री रमेश शर्मा, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य युवा मोर्चा अभिनव उपाध्याय, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष रामवास निषाद तथा प्रदेश, जिला मंत्री उमेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के अंत में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रत्येक बूथ पर सक्रियता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बूथ स्तर की मजबूती ही भाजपा की भविष्य की सफलता का आधार बनेगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।