डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति बैठक, कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा
संदीप कुमार मीना समेत अधिकारियों ने सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था पर दिए निर्देश
श्रावण मेला सकुशल कराने को प्रशासन सतर्क, शिवालयों से घाट तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर, 22 जुलाई 2026। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी चंद्रेश कुमार सिंह सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मेला और कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मंदिरों के पुजारियों, ग्राम प्रधानों और संभ्रांत नागरिकों से फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए कानून व्यवस्था, बिजली, पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तामेश्वर नाथ धाम, बिड़हल घाट, बैजूनाथ धाम, हैंसर बाजार, मगहर, पौली और जगदीशपुर समेत प्रमुख शिवालयों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मार्गों को गड्ढामुक्त करने, विद्युत तारों को व्यवस्थित करने, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और महिला श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने, सोशल मीडिया अफवाहों पर नजर रखने और चेन स्नैचिंग व चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार और ट्रैफिक डायवर्जन प्लान के सख्ती से पालन के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रामानुज कनौजिया, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता विमल कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी अवधेश भारती, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी, ग्राम प्रधान और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।