बिधियानी मोड़ से मोतीहाल तक सड़क निर्माण का शुभारंभ, ग्रामीणों को बड़ी राहत

बिधियानी मोड़ से मोतीहाल तक सड़क निर्माण का शुभारंभ, ग्रामीणों को बड़ी राहत

 

अंकुर राज तिवारी ने किया लोकार्पण, 6 करोड़ से बनेगी 3 किमी सड़क

 

 

बरसात में जर्जर मार्ग से मुक्ति, वर्षों की मांग हुई पूरी

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। विकासखंड क्षेत्र में बिधियानी मोड़ से मोतीहाल तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति के कारण लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी। बरसात के दौरान सड़क इतनी जर्जर हो जाती थी कि आवागमन तक मुश्किल हो जाता था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने कई बार जिलाधिकारी कार्यालय से लेकर जनप्रतिनिधियों तक गुहार लगाई थी।

अब ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने इस सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण कर शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जो मजबूत और टिकाऊ होगी।

लोकार्पण के दौरान विधायक अंकुर राज तिवारी ने जेसीबी पर बैठकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई और अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।

सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस सड़क के बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।