भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जिला कार्यसमिति बैठक को किया संबोधित 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने जिला कार्यसमिति बैठक को किया संबोधित

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने सोमवार को बहराइच मे जिला कार्यसमिति बैठक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता बैठक, प्रबुद्धजन संवाद सहित विभिन्न बैठकों को संबोधित किया। श्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सुदृढ़ बूथ संरचना है। बूथ पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता ही चुनाव का वास्तविक योद्धा होता है और उसी के परिश्रम, समर्पण तथा जनसंपर्क से संगठन की विजय सुनिश्चित होती है।

श्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ स्तर तक नियमित प्रवास, सतत संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का कार्य करना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ता विपक्ष के प्रत्येक षड्यंत्र, भ्रम व झूठ को विफल करेंगे तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से भी अधिक बड़ी विजय सुनिश्चित करेगें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत को आर्थिक, सामरिक और तकनीकी दृष्टि से अधिक सशक्त बनाने तथा प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्य कर रही है। आज भाजपा ने जनता से किए गए अधिकांश प्रमुख संकल्पों को पूरा कर सुशासन की नई पहचान स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कानून व्यवस्था, सुशासन, आधारभूत संरचना और विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है। अब हम सभी को अपने-अपने बूथ को और अधिक सशक्त बनाने, प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय के लक्ष्य के साथ पूरी निष्ठा और ऊर्जा से कार्य करना होगा।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक अभियानों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक अभियान को जनसंपर्क, जनविश्वास और संगठन विस्तार का प्रभावी माध्यम बनाने का आह्वान किया।