विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई 

विधिक सहायता उपलब्ध कराई गई

 

बस्ती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश श्री शमशुल हक के दिशानिर्देशन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेन्द्र कुमार के मागर्दशन में लीगल एड डिफेन्स काउंसिल सिस्टम बस्ती के द्वारा जेल व रिमाण्ड स्तर पर विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के काल सेन्टर 15100 पर नागरिको द्वारा कानूनी जानकारी के सम्बन्ध में उचित कानूनी सहायता प्रदान की जा रही है। चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि जून माह में रिमाण्ड स्तर पर 38 अभियुक्तो को विधिक सहायता दी गई। मजिस्ट्रेट न्यायालय में 12 जमानत आवेदन पत्र प्रस्तुत किए जिसे माननीय न्यायालय द्वारा स्वीकार किए जाने के बाद उन्हे रिहा कराया गया, सत्र न्यायालय में दो जमानत आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए, इसी प्रकार 14 व्यक्तियों को कानूनी सलाह 33 व्यक्तियो को कानूनी सहायता तथा गिरफ्तारी के पूर्व 15 व्यक्तियों को विधिक सहायता तथा गिरफ्तारी के स्तर पर 28 व्यक्तियों को कानूनी सहायता प्रदान की गई। जमानत स्वीकार होने के पश्चात समय के अन्दर जमानत बन्धपत्र प्रस्तुत न करने वाले 5 अभियुक्तो का जमानत की शर्तो में संशोधन हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, इस माह में 15 व्यक्तियों को रिहा कराया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में जिला कारागार बस्ती में कानूनी सहायता हेतु हेल्पडेस्क की स्थापना की गई है। जिसमें नियमित रूप से पराविधिक स्वंय सेवक तथा एक अधिवक्ता द्वारा अभियुक्तो को व उनके परिजनो को कानूनी सहायता दी जा रही है। माननीय सचिव श्री देवेन्द्र कुमार के द्वारा नियमित रूप से जिला कारागार बस्ती में जेल लोक अदालत लगाए जाने हेतु माननीय न्यायालय से अनुरोध किया गया है। चीफ डिफेन्स काउंसिल श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव ने समाज के कमजोर व गरीब वर्ग के लोगो अपील की है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सम्पर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करें।