पुण्यतिथि पर याद किये गये उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन रामः भारत रत्न देने की उठी मांग

पुण्यतिथि पर याद किये गये उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन रामः भारत रत्न देने की उठी मांग

बस्ती। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम को उनकी 40 वीं पुण्यतिथि पर समता दिवस के रूप में याद किया गया। सोमवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं भारतीय दलित वर्ग संघ के राष्ट्रीय सचिव साधू शरन आर्य के साथ पार्टी के अनेक नेताओं, कार्यकर्ताओं ने निर्मली कुण्ड स्थित आवास पर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण के बाद जीवनवृत्त पर प्रकाश डाला। मांग किया कि बाबू जगजीवन राम को भारत रत्न से सम्मानित किया जाय।

भारतीय दलित वर्ग संघ के राष्ट्रीय सचिव साधुशरन आर्य ने कहा कि देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले क्रांतिकारियों में बाबू जगजीवन राम का भी जिक्र आता है। भारत के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रहे बाबू जगजीवन राम ने ऐसे समय में दलित चेतना को स्वर दिया और सरकार में रहते हुए उनके हितों के लिए संघर्ष किया। जब दलित समाज अनेक प्रकार के आर्थिक, सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था।

अर्जक समाज के राष्ट्रीय संयोजक गौरीशंकर ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने पं. नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी की सरकार में अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। 1971 में भारत-पाक युद्ध के समय वह देश के रक्षा मंत्री थे। यही नहीं, जब देश में हरित क्रांति आई, उस समय वह देश के कृषि मंत्री थे। उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। कांग्रेस उपाध्यक्ष वाहिद अली सिद्दीकी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नाम 50 साल तक सांसद रहने का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है।

इस मौके पर रामधीरज चौधरी, सिद्धनाथ प्रजापति, अनिल तिवारी, महबूब आलम, राहुल चौधरी, अलीम अख्तर, कर्मचारी नेता रामस्वारथ चौधरी आदि मौजूद रहे।