अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का किया गया आयोजन 

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का किया गया आयोजन

गाजियाबाद । कुमकुम बैंक्वेट एवं फार्म हाउस, गोविंदपुरम, हापुड़ रोड, गाजियाबाद में श्री सुरेन्द्र कुमार श्रोत्री के सेवानिवृत्ति अभिनंदन समारोह के अवसर पर एक भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से पधारे ख्यातिलब्ध कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध रखा। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन कवयित्री एवं प्रवक्ता डॉ. निवेदिता शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री पूजा चौहान की मधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

गाजियाबाद की सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ निवेदिता शर्मा के गीत को सुनकर सभागार तालियों से गूंज उठा। उन्होंने सुनाया

जब तक चमके सूरज चंदा धरती पर इंसान रहे

इस दुनिया में सबसे ऊपर मेरा हिंदुस्तान रहे

नहीं चाहिए धर्म जाति के बेनामी तमगे मुझको

हिंदुस्तान की बेटी हूँ मैं यह मेरी पहचान रहे।

हापुड़ से पधारे प्रख्यात ओज कवि डॉ. अनिल बाजपेई ने प्रकृति और प्रेम के अनुपम सौंदर्य को स्वर देते हुए कहा—

“धरती माँ ने प्रेम से, भेजी नभ फ़रियाद।

जलधर ने आकर किया, वसुधा से संवाद॥

पपिहा बोले प्रेम से, ‘पियू-पियू’ हर बार।

बूँद-बूँद में ढूँढ़ता, अपने प्रिय का प्यार॥”

भरतपुर राजस्थान से आए जय कुमार ने अपनी कविताओं से श्रोताओं को खूब हँसाया।

तीन औरतें आपस में बतिया रहीं थीं

अपने अपने पतियों के किस्से सुना रहीं थीं।

एटा से आए आर्य राजेश यादव ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए कहा—

“छोड़ दो ये जातिवाद, छोड़ दो भेदभाव,

यही इस देश के पतन के थे कारण।

करो आपसी समस्याओं का शीघ्र ही निवारण,

रोक रहे राष्ट्र के विकास को अकारण।”

भरी महफ़िल में कर लेते हैं वो प्यार की बातें।”

दिल्ली से आए डॉ. शैल भदावरी ने सनातन संस्कृति पर हो रहे प्रहारों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा—

“श्रद्धा के सागर को तिल-तिल पाट रहे हैं,

दीमक बनकर जड़ें निरंतर चाट रहे हैं।

वृक्ष सनातन का कब तक खुद पनपेगा यूँ,

साख-साख जब सारे हर दिन काट रहे हैं।”

मेरठ से आए डॉ. सुदेश यादव ‘ज़ख्मी’ ने प्रेम की मधुर अभिव्यक्ति प्रस्तुत की—

“तू मेरी ज़िंदगी रब की सौगात है,

तू ही सुबह मेरी, तू मेरी रात है।

यूँ तो देखे हसीं हमने लाखों मगर,

जो किसी में नहीं, तुझ में वो बात है।”

देहरादून की कवयित्री कविता बिष्ट ने अपनी ग़ज़ल से खूब वाहवाही लूटी—

“घड़ी हम साथ बैठे मुस्कराने के लिए,

आ गई इल्ज़ाम दुनिया क्यों लगाने के लिए।

आपकी आँखें हैं मेरी ख़्वाबगाहें आजकल,

और पलकें शामियाना सर छुपाने के लिए।”

मैनपुरी से आए कवि मनोज चौहान ने राष्ट्रभक्ति का स्वर बुलंद करते हुए कहा—

“न अफ़ज़ल, मीरबाकी और न जयचंद को पूजें,

करे जो धर्मरक्षा, उन विवेकानंद को पूजें।”

परीक्षितगढ़ से आए वीरेन्द्र अबोध ने जीवन की विडंबना को स्वर देते हुए कहा—

“बदल गए जो लोग पता नहीं कैसे थे,

हम नहीं बदले, हम पहले जैसे थे।

मेरी मौत पे था तमाम गाँव में मातम,

वे दोस्त खुश थे जिन पर मेरे पैसे थे।”

हास्य कवि निर्मल सक्सैना ने अपनी चुटीली प्रस्तुति से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया—

“हम तेरे शहर में आए हैं बहारों की तरह,

देंगे खुशबू तो चुभेंगे कभी खारों की तरह।

आज चमके हैं तेरे नील गगन में जमकर,

डूब जाएंगे सुबह भोर के तारों की तरह।”

गाजियाबाद के देवेन्द्र देव जी का अंदाज कुछ अलग ही रहा उन्होंने सुनाया

‘देव’ आंखों ने मेरी कुछ ऐसे भी लम्हें देखें हैं,

जहां जज़ भी मैं था और सजा भी मैंने पाई।

दिल्ली से पधारे कवि रोहित रोज के शानदार संचालन ने कार्यक्रम को ऊंचाइयाँ प्रदान की।

कार्यक्रम में सुरेन्द्र कुमार श्रोत्री जी के सह‌कर्मियों और परिवार के सदस्यों ने पगड़ी,पटका और मालाओं से सम्मान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने सभी कवियों का जोरदार तालियों से स्वागत किया। श्री सुरेन्द्र कुमार श्रोत्री के सम्मान में आयोजित यह समारोह यादगार रहा, अंत में सुरेन्द्र जी ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्री बलदेव भाई जी, डॉ वीणा मित्तल, श्री अभय कुमार मिश्रा,श्री राम आसरे गोयल, श्री नवीन कुमार श्री अरूण गुप्ता श्रीमती शोभा गुप्ता, श्रीमती अंजलि आनंद,श्री रवेन्द्र कुमार शर्मा श्री प्रमोद कुमार श्रोत्रिय आदि उपस्थित रहे।