राम मंदिर दान विवाद पंकज गुप्ता की अध्यक्षता में व्यापार मंडल ने की निष्पक्ष जांच की मांग

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, व्यापार मंडल ने राम मंदिर से जुड़े हालिया दान विवाद पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने चिंता जताते हुए कहा कि दान से जुड़ी इस खबर ने न केवल अयोध्या, बल्कि पूरे देश की छवि को प्रभावित किया है। व्यापार मंडल के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह मामला सामान्य दान का नहीं, बल्कि जन-जन की अटूट आस्था का है। उन्होंने इस पर किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेश के प्रसार को रोकने पर जोर दिया और इसमें संलिप्त पाए गए दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल ने इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए SIT जांच के आदेशों का स्वागत किया और इसके लिए उनका आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने विश्वास जताया कि निष्पक्ष जांच के बाद मामले की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी और “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा। बैठक में व्यापार मंडल ने चंपत राय के प्रति अपना पूर्ण समर्थन दोहराया। व्यापार मंडल का मानना है कि जब तक SIT की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हो जाती, तब तक उन पर लगे सभी आरोप आधारहीन हैं। पंकज गुप्ता ने कहा, “हम चंपत राय को तीन दशकों से जानते हैं। उनका जीवन अत्यंत सादगीपूर्ण रहा है और मंदिर निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है।