सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता में डॉ. शशिकला श्रीवास्तव को मिला जिले में प्रथम स्थान, आर्य समाज नई बाजार में हुईं सम्मानित

सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता में डॉ. शशिकला श्रीवास्तव को मिला जिले में प्रथम स्थान, आर्य समाज नई बाजार में हुईं सम्मानित

 

बस्ती। अमर याज्ञिक पद्मश्री महाशय धर्मपाल की स्मृति में आर्य प्रतिनिधि सभा, लखनऊ द्वारा आयोजित ‘सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता’ में बस्ती जिले की पूर्व प्रधानाचार्या आर्य कन्या इण्टर कालेज, बस्ती डॉ. शशिकला श्रीवास्तव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर आर्य समाज नई बाजार, बस्ती में एक विशेष यज्ञ और स्वाध्याय कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें भव्य रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित भारत स्वाभिमान ट्रस्ट यूनिट बस्ती के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह और आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत द्वारा डॉ. शशिकला श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और जूसर प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अन्य विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया, जिनमें कु. अश्कृता मिश्रा ने द्वितीय, राम तनय आर्य ने तृतीय, श्रीमती नीलम मिश्रा ने चतुर्थ तथा श्रीमती अपूर्वा गुप्ता ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा लखनऊ के उप प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने भी सभी विजेता प्रतियोगियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं और स्वाध्याय के प्रति उनकी रुचि की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलेगा।भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि सभी विजेताओं की यह सफलता अत्यंत प्रेरणादायी है। ‘सत्यार्थ प्रकाश’ जैसे महान ग्रंथ का अध्ययन और उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करना यह दर्शाता है कि हमारे समाज में आज भी सनातन मूल्यों और वैदिक ज्ञान के प्रति गहरा अनुराग है। ऐसी प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत ने कहा कि स्वाध्याय और यज्ञ हमारे जीवन के मूल आधार हैं। डॉ. शशिकला जी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध किया है कि ज्ञान अर्जन की कोई आयु नहीं होती। इस तरह के आयोजनों से समाज में वैचारिक क्रांति आती है और आम जनमानस को श्रेष्ठ साहित्य पढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत गरुण ध्वज पाण्डेय के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुए भव्य यज्ञ के साथ हुई, जिसमें डॉ. नवीन सिंह मुख्य यजमान रहे।

इस गरिमामयी अवसर पर नीतीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, महिमा आर्य, रिमझिम, अरविन्द साहू, वैद्य अजय चौधरी, गणेश आर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।