जलापूर्ति लाइन पर मोटर पम्प से सिंचाई, गांव में गहराया पेयजल संकट

जलापूर्ति लाइन पर मोटर पम्प से सिंचाई, गांव में गहराया पेयजल संकट

 

ग्राम बयारा -महोबरा के ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत, जांच व कार्रवाई की मांग

 

पानी की कमी से जूझ रहे लोग, दैनिक उपयोग तक हुआ प्रभावित

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद के खलीलाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बयारा -महोबरा में इन दिनों जल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग जलापूर्ति की मुख्य लाइन पर मोटर पम्प लगाकर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं, जिससे अन्य घरों में पीने का पानी तक नहीं पहुंच पा रहा है।

इस समस्या को लेकर गांव के दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति लाइन से अवैध रूप से मोटर पम्प के जरिए पानी खींचने के कारण पूरे क्षेत्र की जल वितरण व्यवस्था बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप अधिकांश घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे पेयजल के साथ-साथ दैनिक उपयोग के लिए भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल आम जनता को असुविधा हो रही है, बल्कि सरकारी जलापूर्ति व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और अवैध रूप से लगे मोटर पम्पों पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

प्रार्थना पत्र पर कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर व अंगूठा निशान दर्ज हैं, साथ ही ग्राम पंचायत कार्यालय की मुहर भी लगी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह समस्या पूरे गांव से जुड़ी हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है। इस मौके पर ग्राम प्रधान सहित तमाम लोग मौजूद रहे।