नवागत औषधि निरीक्षक से मिले फार्मासिस्ट एसोसिएशन पदाधिकारीः अवैध मेडिकल स्टोरों पर रोक लगाने की मांग
बस्ती। गुरूवार को अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ‘एबीपीए’ प्रदेश सचिव विजय पाण्डेय के संयोजन तथा जिला अध्यक्ष गिरिजेश सेन व मंडल अध्यक्ष प्रमेन्द्र कुमार के नेतृत्व में नवागत औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार से औपचारिक शिष्टाचार मुलाकात कर उनका स्वागत किया गया। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ, स्वागत पत्र और भगवान गणेश जी की प्रतिमा भेंट की गई।
बैठक और मुलाकात के दौरान जनस्वास्थ्य से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। संगठन ने मुख्य रूप से जिले में बिना फार्मासिस्ट के चल रहे अवैध मेडिकल स्टोरों पर पूर्ण रोक लगाने तथा कतिपय थोक व्यापारियों द्वारा खुदरा में अवैध रूप से दवा बेचने की शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही ‘फार्मेसी प्रैक्टिस रेगुलेशन’ को धरातल पर लागू करने और कफ सिरप की बिक्री से जुड़े कड़े प्रावधानों की व्यावहारिक दिक्कतों पर भी विमर्श हुआ। 
नवागत ड्रग इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने संगठन को पूरे सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि सभी लोग ड्रग एक्ट के अधीन रहकर पूरी पारदर्शिता से कार्य करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में रजिस्टर समेत सभी अनिवार्य दस्तावेज मेंटेन रखें। नियमों का पालन करने वाले फार्मासिस्टों को पूरा प्रशासनिक सहयोग मिलेगा।
इस मौके पर अभिषेक उपाध्याय प्रदेश सचिव – आईटी सेल, परमात्मा प्रसाद मंडल उपाध्यक्ष, मोहम्मद फारुक अब्दुल्ला जिला अध्यक्ष – आईटी सेल, कृष्ण मोहन यादव वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष, सिद्धार्थ प्रताप सिंह जिला उपाध्यक्ष, अजय चौधरी जिला कोषाध्यक्ष, श्याम मोहन चौधरी जिला सलाहकार, धर्मेन्द्र कुमार जिला मीडिया प्रभारी, सूरज चौहान ब्लॉक अध्यक्ष – बहादुरपुर, अश्वनी कुमार चौधरी जिला कार्यकारिणी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष – रुधौली आत्मा राम वर्मा , अजय गुप्ता, अजय चौधरी, आशीष गुप्ता, सत्यम, शशिकांत , रवि प्रकाश श्रीवास्तव विजय कुमार, रोहित, तनवीर, मनीष, रंजीत और वीरेन्द्र चौधरी आदि शामिल रहे।