नाबालिग हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

 

सबूत मिटाने की कोशिश में भागे, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

 

दुष्कर्म के बाद हत्या की कबूली, पुलिस टीम को 25 हजार इनाम

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। ऑपरेशन क्रैक डाउन अभियान के तहत संतकबीरनगर पुलिस ने नाबालिग की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साक्ष्य बरामदगी के दौरान भागने की कोशिश करने पर पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों अभियुक्त घायल हो गए।

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष बेलहरकला हरिकेश भारती व एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 01 जुलाई 2026 को मु0अ0सं0 187/26 धारा 103(1), 238 बीएनएस में वांछित अभियुक्त मुहम्मद शरीफ उर्फ बगेदू पुत्र समसुल हक तथा मोहम्मद आमिर उर्फ निरहू उर्फ पिल्ले निवासी नगर पंचायत बेलहरकला टोला पनभरा, थाना बेलहरकला को बालूशासन पुल के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम दोनों अभियुक्तों को मृतका के मोबाइल की बरामदगी के लिए ग्राम कुशहरा दरही रोड, जंगल बेलहर क्षेत्र में सुबह करीब 4 बजे लेकर गई। इसी दौरान दोनों अभियुक्त भागने लगे। पुलिस द्वारा बार-बार रुकने की चेतावनी देने के बावजूद न रुकने पर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए फायरिंग की गई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए। घायलों को तत्काल सीएचसी मेहदावल भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल खलीलाबाद रेफर कर दिया गया।

घटना का विवरण

28 जून 2026 को वादिनी द्वारा थाना बेलहरकला में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री को लगभग 15 दिन पूर्व कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया था और तीन दिन पहले वापस छोड़ गया। 28 जून की रात करीब 2 बजे जब वह अपनी पुत्री को देखने गई तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। सुबह 7 बजे जानकारी हुई कि उसकी पुत्री का शव कब्रिस्तान के पास सागौन के पेड़ के पास उसके ही दुपट्टे से बंधा हुआ मिला। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर साक्ष्य मिटाने व पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से रचा गया प्रतीत हुआ। इस आधार पर थाना बेलहरकला में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में बड़ा खुलासा

पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने दुष्कर्म के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं की बढ़ोत्तरी की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

थानाध्यक्ष हरिकेश भारती, उपनिरीक्षक राजेश कुमार दूबे, कांस्टेबल रामभूषण पटेल, रिजर्व कांस्टेबल शुभम वर्मा, रिजर्व कांस्टेबल आशीष कुमार वर्मा।

एसओजी प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल अनूप राय, कांस्टेबल शुभम सिंह, कांस्टेबल विवेक मिश्रा, कांस्टेबल दीपक सिंह।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 25,000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।