
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर पद्मश्री भजन सम्राट अनुप जलोटा के निवास पर एक विशेष और सफल योग सत्र का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली को समर्पित इस आयोजन में सेलिब्रिटी योगा थेरेपिस्ट शिल्पी चुघ की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और प्रेरणादायक बना दिया।
योग सत्र के दौरान शिल्पी चुघ ने उपस्थित प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास केवल शरीर को फिट रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और लंबे समय तक स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पद्मश्री अनुप जलोटा ने अपने निजी अनुभव साझा करते हुए योग और स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध पर बात की। उन्होंने विशेष रूप से कलाकारों और गायकों के लिए योग को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
अनुप जलोटा ने कहा,
“हम कलाकारों के लिए, स्पेशली गायकों के लिए योगा एक्सरसाइज़ बहुत महत्वपूर्ण हैं। क्योंकि हमारे लंग्स हेल्दी होने चाहिए, तभी हम अधिक साँस भर सकते हैं और हमारा गाना अच्छा हो सकता है। अक्सर ऐसा होता है कि अगर हेल्थ अच्छी नहीं हो, तो 15–20 मिनट गाने के बाद लोग थक जाते हैं। लेकिन हम मंच पर लगातार तीन घंटे तक बिना किसी गैप के गाते हैं और यह तभी संभव है जब हम स्वस्थ हों।”
उन्होंने आगे कहा,
“हम रोज योग करते हैं और पिछले लगभग 60 सालों से करते आ रहे हैं। जब मैं 13–14 साल का था, तभी योग आश्रम जाना शुरू कर दिया था और आज तक यह अभ्यास जारी है। मुझे लगता है कि यही कारण है कि आज भी जब हम गाने बैठते हैं तो थकते नहीं हैं। दो-तीन घंटे गाने के बाद भी मन करता है कि और गाएं। इसलिए अपने आपको हेल्दी बनाकर रखिए और रोज योगा एक्सरसाइज कीजिए।”
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और स्वास्थ्य को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन स्वास्थ्य, खुशी और वेलनेस का संदेश लेकर आया तथा इस बात को दोहराता है कि योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली स्वस्थ आदत है।
कोरील राजेश कुमार
Post Views: 21