खाद की कालाबाजारी पर भड़के रालोद नेता राम सिंह पटेल, जिला कृषि अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अयोध्या के जिला कृषि अधिकारी सौरभ वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान रालोद नेताओं ने उर्वरक (खाद) की खरीद के समय किसानों को हो रही भारी परेशानियों से अधिकारी को अवगत कराया। दोगुने दाम पर बिक रही यूरिया, जबरन थोपा जा रहा सामान प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत की कि जिले के निजी उर्वरक विक्रेता सरकार द्वारा निर्धारित 266 रुपये प्रति बोरी की दर के बजाय यूरिया 300 से 400 रुपये तक में खुलेआम बेच रहे हैं। इसके अतिरिक्त, किसानों को यूरिया के साथ जिंक और सल्फर लेने के लिए भी बाध्य किया जा रहा है, जिसे रालोद ने किसानों का शोषण बताते हुए कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: जिला कृषि अधिकारी
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिला कृषि अधिकारी सौरभ वर्मा ने कहा कि निजी उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार खाद के साथ जिंक या सल्फर लेने के लिए किसानों को मजबूर करता पाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे दुकानदारों को न केवल दंडित किया जाएगा, बल्कि उनका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद इस दौरान रालोद अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष बलराम यादव, महानगर अध्यक्ष अरविंद सिंह महांथ, युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद श्रीवास्तव और समाजसेवी महेश नारायण पाण्डेय उपस्थित रहे।