*”भूल न जाना कल है आना”*
*श्री हरि मैरेज हाल में मनेगा भव्य योग महोत्सव*
बस्ती । करें योग रहें निरोग के संकल्प के साथ आगामी 21 जून को
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मालवीय रोड स्थित श्री हरि मैरेज हाल में एक भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति एवं इंडियन योग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।
महोत्सव की पूर्व संध्या पर पतंजलि योग समिति बस्ती के संरक्षक डॉ. प्रवेश कुमार तथा योगाचार्य गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने उपस्थित साधकों को आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल का सघन अभ्यास कराया। भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने जिले के समस्त नागरिकों, योग प्रेमियों और प्रबुद्ध जनों से सुबह समय से कार्यक्रम में सम्मिलित होने की भावपूर्ण अपील की है।
अभ्यास सत्र के दौरान योगाचार्य गरुड़ ध्वज पाण्डेय ने और डॉ प्रवेश कुमार ने योग प्रोटोकॉल में वर्णित विभिन्न आसनों और प्राणायामों के वैज्ञानिक व स्वास्थ्य लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ताड़ासन, वृक्षासन और पादहस्तासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले आसन रीढ़ की हड्डी को सीधा रखते हैं, शरीर का संतुलन सुधारते हैं और मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं। कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम के नियमित अभ्यास से मानसिक तनाव, अवसाद और एंग्जायटी से मुक्ति मिलती है। यह मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को बेहतर कर एकाग्रता बढ़ाता है। अनुलोम-विलोम और भस्त्रिका प्राणायाम फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़ाते हैं, जिससे शरीर में ऑक्सीजन का स्तर सुधरता है और हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है। वज्रासन, शशांकासन और पवनमुक्तासन जैसे अभ्यास पेट के अंगों को सक्रिय करते हैं, जिससे कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं से स्थाई राहत मिलती है।
योग केवल कसरत नहीं, बल्कि जीने की एक कला है। योग प्रोटोकॉल का नियमित 45 मिनट का अभ्यास व्यक्ति को शारीरिक व्याधियों से दूर रखकर दीर्घायु और ऊर्जवान बनाए रखता है।
इंडियन योग एसोसिएशन के पूर्वी जोन के अध्यक्ष डॉ नवीन सिंह कहा कि साधकगण अपने साथ सुबह खाली पेट योगाभ्यास करें। अपने साथ चादर या योग मैट और पानी की बोतल साथ लावें।
आयोजकों ने जनपद वासियों से आग्रह किया है कि कल 21 जून को सुबह ठीक समय पर श्री हरि मैरेज हाल पहुंचकर सामूहिक योग उत्सव का हिस्सा बनें और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस तैयारी सत्र और योग शिविर में योग शिक्षक जवाहर लाल, हसनैन रिजवी, डॉ वीरेन्द्र त्रिपाठी, नवल किशोर चौधरी, राम अचल चौरसिया, जवाहर यादव, दीनानाथ शुक्ल, प्रमोद गुप्ता, आर्य राय, आर्यन चौधरी, राधे गुप्ता, रंजना त्रिपाठी, सुनीता राजपूत, फूलपरी, शशि यादव, उर्मिला चौधरी, शशि श्रीवास्तव, साधना पाण्डेय एवं मंजूषलता पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय योग साधक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।