महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या प्रसिद्ध वैक्स आर्टिस्ट सुनील कण्डल्लूर की एक और अनूठी पहल ‘सुनील्स रामायण वैक्स म्यूजियम’ अयोध्या में स्थापित की गई है। इस संग्रहालय का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जो स्वयं कलाकार के लिए अत्यंत गौरव और प्रेरणा का विषय है।
संग्रहालय की विशेषताएँ और लक्ष्य
वर्तमान में इस संग्रहालय में लगभग 40 मोम की प्रतिमाएँ प्रदर्शित की गई हैं। सुनील कण्डल्लूर ने बताया कि उनका लक्ष्य इस संग्रहालय में कुल 200 प्रतिमाओं को प्रदर्शित करने का है, जो रामायण के विभिन्न प्रसंगों और पात्रों को जीवंत करेंगी।
सुनील कण्डल्लूर का सफर
स्व-शिक्षित कलाकार सुनील कण्डल्लूर वर्ष 2001 से वैक्स मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें भारत में वैक्स मॉडलिंग को नई पहचान देने और देश का पहला वैक्स म्यूजियम स्थापित करने का श्रेय जाता है। अब तक वे 400 से अधिक मोम की प्रतिमाओं का निर्माण कर अपनी कला का लोहा मनवा चुके हैं। वैक्स म्यूजियम का इतिहास सुनील कण्डल्लूर के वैक्स म्यूजियम का सफर वर्ष 2005 में कन्याकुमारी (तमिलनाडु) से शुरू हुआ था, जहाँ उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और प्रसिद्ध हस्तियों की जीवंत प्रतिमाएं स्थापित कीं। इसके बाद 2010 में लोनावाला (पुणे) में एक नई शाखा खुली, जहाँ वर्तमान में करीब 100 प्रतिमाएं मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त, तिरुवनंतपुरम (केरल) में श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के निकट भी उनका एक अन्य वैक्स म्यूजियम स्थित है।