देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के मैरवा रोड स्थित रामपुर बुजुर्ग चौराहे पर मंगलवार को साइकिल और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना एंबुलेंस सेवा को दी।
बताया जा रहा है कि ग्राम पोस्ट इंगुरी सराय, थाना बनकटा, तहसील भाटपार निवासी कमलेश कुशवाहा 50 वर्ष, पुत्र हरिहर भगत, साइकिल से किसी काम के सिलसिले में मैरवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर बुजुर्ग चौराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से कमलेश सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को संभालते हुए परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108/102 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मी EMT अखिलेश कुमार और पायलट करन यादव ने घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा पहुंचाया।
सीएचसी पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए कमलेश कुशवाहा को बेहतर उपचार के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।