मगहर को विकास का बड़ा तोहफा: 64 करोड़ की लागत से बनेगा रेल ओवरब्रिज
रेलवे फाटक के जाम से मिलेगी राहत, ढाई साल में पूरा होगा निर्माण
आवागमन होगा आसान, पर्यटन और व्यापार को मिलेगा नया विस्तार
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी मगहर को विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। मगहर-अशरफाबाद मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या-173 (मगहर यार्ड) के स्थान पर बनने वाले दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का शिलान्यास रविवार को सदर विधायक अंकुर राज तिवारी द्वारा भूमि-पूजन कर किया गया।
करीब 64.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना लगभग 694 मीटर लंबी होगी। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही रेलवे फाटक पर जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि यह ओवरब्रिज क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और लगभग ढाई वर्ष में निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संत कबीरदास की निर्वाण स्थली होने के कारण मगहर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। साथ ही यहां का बुनकरी उद्योग भी तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी होती है।
ओवरब्रिज के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि लोगों के समय की भी बचत होगी। साथ ही अस्पताल, स्कूल, बाजार और मंडियों तक पहुंच आसान बनेगी। इस परियोजना से पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा में पूर्व चेयरमैन नुरूज्जमा अंसारी, भाजपा नेता राकेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने विधायक का स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राकेश मिश्रा, नुरूज्जमा अंसारी, अजय गोस्वामी, सुजीत गुप्ता, अत्रेश श्रीवास्तव, भोला अग्रहरी, अवधेश सिंह, शक्ति विकास पाण्डेय, दीपक कन्नौजिया, संगीता वर्मा, बबलू गुप्ता, कृतेश पासवान, नीरज श्रीवास्तव, गोविंद यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।